ताजपुर दाहा नदी पुल हुआ परित्यक्त घोषित, चारपहिया एवं भारी वाहनों के परिचालन पर लगा रोक
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी से सिवान के गुठनी को राजकीय सड़क मार्ग से जोड़ने वाला ताजपुर के समीप दाहा नदी पर स्थित सड़क पुल जांच के बाद परित्यक्त घोषित कर दिया गया है। गुरुवार से पुल पर चारपहिया एवं भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
छपरा सदर एसडीओ नितेश कुमार, पथ निर्माण विभाग के एसडीओ तथा माँझी सीओ सौरभ अभिषेक ने संयुक्त रूप से पुल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुल की स्थिति काफी खतरनाक पाई गई, जिसके बाद पुल के दोनों मुहानों पर लोहे का गार्डर लगाकर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। अब इस पुल से केवल पैदल यात्री और दोपहिया वाहन ही गुजर सकेंगे।
पदाधिकारियों ने बताया कि पुल की जर्जर हालत को देखते हुए किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। भारी वाहनों के लगातार परिचालन से पुल पर दबाव बढ़ रहा था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने बताया कि जर्जर पुल को जल्द तोड़कर हटाया जाएगा और पुराने पुल के स्थान पर डायवर्जन का निर्माण कराया जाएगा, ताकि ताजपुर और सिसवन के बीच वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से जारी रह सके। फिलहाल सभी चारपहिया एवं भारी वाहनों का परिचालन एकमा होकर कराया जाएगा।
गौरतलब है कि दाहा नदी पर बने इस सड़क पुल का निर्माण 14 फरवरी 2010 को करीब 7 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से कराया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने इसका उद्घाटन किया था। अब करीब 16 वर्ष बाद पुल की जर्जर स्थिति सामने आने के बाद इसे परित्यक्त घोषित करना पड़ा है।


