सोनपुर रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक कल, सारण की रेल सुविधाओं पर होगा मंथन
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री Rajiv Pratap Rudy की अध्यक्षता में मंगलवार 26 मई 2026 को सोनपुर रेल मंडल की मंडल संसदीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें सारण क्षेत्र की रेल सुविधाओं, यात्री सुरक्षा, अंडरपास निर्माण, स्टेशन विकास एवं ग्रामीण संपर्क मार्गों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बैठक में सांसद राजीव प्रताप रूडी द्वारा क्षेत्र की जनता से प्राप्त मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। विशेष रूप से सीतलपुर, दिघवारा एवं सोनपुर स्टेशन से जुड़ी समस्याओं और सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा होगी। इसमें पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, रिजर्वेशन काउंटर, विश्रामालय तथा टिकट काउंटर जैसी मूलभूत यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग शामिल है।
सांसद द्वारा सीतलपुर स्टेशन पर मौर्य एक्सप्रेस तथा दिघवारा स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस, बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस एवं अवध-आसाम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी बैठक में रखी जाएगी। इसके अलावा छपरा-पटना के बीच कार्यालय समय में यात्रियों की सुविधा के लिए डीएमयू ट्रेन संचालन का प्रस्ताव भी एजेंडा में शामिल किया गया है।
बैठक में विभिन्न रेलवे ढालों पर अंडरपास निर्माण, रेलवे भूमि से जुड़े सड़क निर्माण कार्य, ग्रामीण संपर्क पथों के पुनर्निर्माण तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पहुंच पथ निर्माण जैसे मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। विशेष रूप से सीतलपुर स्टेशन के हाईवे साइड पहुंच मार्ग, सोनपुर बरबट्टा नया टोला पथ, पहाड़ीचक मार्ग तथा गोपालपुर महदलीचक अंडरपास से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इसके साथ ही सोनपुर रेफरल अस्पताल जाने वाले मार्ग पर बने बैरियर की ऊंचाई, रेलवे अंडरपास में प्रकाश व्यवस्था, स्टेशन परिसर में बैंक एटीएम स्थापना तथा रेलवे द्वारा पूर्व में निर्मित जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण का मुद्दा भी बैठक में चर्चा का विषय रहेगा।
इस बैठक को सारण क्षेत्र की रेल एवं यात्री सुविधाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात एवं बुनियादी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
#Saran #Sonpur #RailwayNews #RajivPratapRudy #IndianRailways #SonepurDivision #ChapraNews #BiharNews #RailFacilities #StationDevelopment
