मिट्टी ढुलाई के दौरान पलटा ट्रैक्टर इंजन, चालक की मौत से गांव में मातम
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के महानगर गांव में मंगलवार को मिट्टी ढुलाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। ट्रैक्टर का इंजन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबकर 38 वर्षीय चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान महानगर गांव निवासी सुग्रीव यादव के पुत्र राजेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश चैनपुर-महानगर मुख्य सड़क पर मिट्टी ढुलाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का इंजन असंतुलित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद राजेश को इंजन के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार राजेश यादव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटियां और एक बेटा है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक और गम का माहौल बना हुआ है।
परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। इधर ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

