खड़ी ई-रिक्शा में बाइक की जोरदार टक्कर, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा थाना क्षेत्र के रुकंदीपुर टोला रंगरौली गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि दो युवक स्प्लेंडर बाइक से रानी बड़ी से महाराजगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रुकंदीपुर टोला रंगरौली गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी ई-रिक्शा में उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को इलाज के लिए महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक की पहचान प्रदीप कुमार, पिता शंकर महतो, निवासी रगड़गंज गांव के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान अरविंद कुमार, पिता मनोज महतो, निवासी रगड़गंज गांव के रूप में की गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई तथा इसकी वास्तविक वजह क्या थी। इधर हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है।

