बकरीद को लेकर मांझी थाना में शांति समिति की बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर माँझी थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विनोद कुमार एवं राजस्व पदाधिकारी रोजी कुमारी ने संयुक्त रूप से की।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि माँझी थाना क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर प्रेम और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक संदेशों पर ध्यान न दें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।
बैठक में पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, गश्ती दल की संख्या बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि बकरीद के दौरान पुलिस लगातार सक्रिय रहेगी तथा प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
राजस्व पदाधिकारी रोजी कुमारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है। किसी भी व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश किए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति एवं भाईचारे की परंपरा कायम रखने तथा छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने की अपील की।
बैठक में उमाशंकर ओझा, अन्नू खान, अख्तर अली, कृष्णा सिंह पहलवान, दिलीप चौधरी, हसनुद्दीन खान, सूर्यबली यादव, कौशल यादव तथा धनेश साह सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

