नौ दिवसीय श्री शतचण्डी महायज्ञ हवन-पूर्णाहुति व विशाल भंडारे के साथ संपन्न
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड क्षेत्र के सरयू तट स्थित निरखापुर, साँईपुर एवं नवकाटोला तीन मोहानी स्थित हनुमान मंदिर परिसर में 18 मई से चल रहा नौ दिवसीय श्री शतचण्डी महायज्ञ मंगलवार को हवन-पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के माहौल में संपन्न हो गया। समापन के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया तथा क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
महायज्ञ का आयोजन श्री श्री 108 श्री जगतनारायण दास जी महाराज के सानिध्य में हुआ, जहां विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चना संपन्न कराई। यज्ञाचार्य श्री बसंत कुमार मिश्रा उर्फ दिलदार बाबा एवं अन्य ब्राह्मणों ने पूरे विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया।
इस महायज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में मिथिलेश कुमार मिश्रा अपनी पत्नी अराधना मिश्रा के साथ शामिल हुए। नौ दिनों तक उन्होंने सपरिवार यज्ञ वेदी पर आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।
समापन अवसर पर मुख्य यजमान मिथिलेश मिश्रा ने कहा कि यह महायज्ञ पूरे सिसवन क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महादेव और माता रानी की कृपा से उन्हें इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने का अवसर प्राप्त हुआ। साथ ही उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने माँ शतचण्डी से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह एवं शाम कथा-प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समापन के दिन विशाल भंडारे में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

