बकरीद को लेकर दारौंदा में शांति समिति की बैठक, सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने की अपील
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को दारौंदा प्रखंड मुख्यालय परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने की। बैठक में शांति समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान दारौंदा अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें।
प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी ने कहा कि बकरीद का पर्व भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि कुर्बानी से संबंधित वीडियो या तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड नहीं की जाएं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मस्जिदों एवं ईदगाहों में नमाज अदा करने के समय को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया। मौके पर प्रखंड प्रमुख गुड़िया सिंह, प्रतिनिधि सोनू सर, हामिद खान, बीरेंद्र सिंह, टुन्ना खान, जितेंद्र कुशवाहा, हशाम अली खान उर्फ पिंटू खान, छोटे इकबाल, राजेश यादव, शेख भोला, नन्हे हाश्मी, जावेद खान, दुर्गा प्रसाद, नम्मू खान समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

