सिसवन में 19 मई से लगेंगे सहयोग शिविर, पंचायत स्तर पर सुनी जाएंगी ग्रामीणों की समस्याएं
सिवान (बिहार): बिहार सरकार के निर्देशानुसार सिसवन प्रखंड की सभी पंचायतों में आम जनता की शिकायतों, आवेदनों एवं सुझावों के निस्तारण के लिए 19 मई 2026 से 11 अगस्त 2026 तक विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यह शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर लगाए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, योजनाओं की जानकारी देना तथा विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों को एक ही स्थान पर पूरा करना है। इसको लेकर अंबेडकर सभागार, सिसवन में प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिविर को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बीडीओ ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
सहयोग शिविर में कृषि समन्वयक, कृषि सलाहकार, ग्रामीण आवास सहायक, विकास मित्र, कार्यपालक सहायक, पंचायत रोजगार सेवक, स्वच्छता पर्यवेक्षक, पंचायत सचिव एवं राजस्व कर्मचारी मौजूद रहेंगे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

