ऑपरेशन “नया सवेरा” 2.0 में बड़ी कार्रवाई, 44 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 21 संचालक गिरफ्तार
गोपालगंज (बिहार): गोपालगंज पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नया सवेरा” 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुचायकोट थाना क्षेत्र में विभिन्न आर्केस्ट्रा ग्रुपों और इवेंट संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी कर 44 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। इस दौरान 21 संचालक और संचालिकाओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) डॉ. अमित जैन तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश के आलोक में की गई।
छापेमारी अभियान में एसोसिएशन फॉर वॉलेंटरी एक्शन टीम, नई दिल्ली, नारायणी सेवा संस्थान गोपालगंज तथा गोपालगंज पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। अभियान के दौरान कुचायकोट थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर संचालित आर्केस्ट्रा ग्रुपों से नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया। पुलिस ने जीत आर्केस्ट्रा, रंजना आर्केस्ट्रा, निभा आर्केस्ट्रा, सना आर्केस्ट्रा, सरगम इवेंट शो, दिल्ली इवेंट शो, मुस्कान आर्केस्ट्रा, स्टार म्यूजिकल, आशिष मुस्कान आर्केस्ट्रा, सपना आर्केस्ट्रा, नेहा आर्केस्ट्रा और मनोज आर्केस्ट्रा सहित कई ग्रुपों पर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार कई संचालक पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और झारखंड के रहने वाले हैं, जबकि कुछ स्थानीय लोग भी इस नेटवर्क में शामिल पाए गए। गिरफ्तार आरोपियों में जीत कुमार सिंह, अनूप कुमार कुशवाहा, पिंटू साह, विकास कुमार सिंह उर्फ मोनू सिंह, मनोज सोनार समेत कई अन्य के नाम शामिल हैं। पुलिस ने पांच महिला संचालिकाओं को भी गिरफ्तार किया है।
इस मामले में कुचायकोट थाना कांड संख्या 237/26 दर्ज कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि महिलाओं और बच्चियों के शोषण के खिलाफ “आवाज दो” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी महिलाओं या नाबालिग लड़कियों के शोषण की जानकारी मिले तो गोपालगंज पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031827299 पर सूचना दें।

