साइबर अपराध से बचाव कैसे करें? सारण पुलिस ने दी महत्वपूर्ण जानकारियां
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में मंगलवार को सीपीएस छपरा परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुलिस उपाधीक्षक साइबर सह थानाध्यक्ष द्वारा किया गया, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक अथवा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए कहा गया कि बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड एवं व्यक्तिगत सूचनाएं किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें।
साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो तुरंत स्थानीय थाना अथवा साइबर थाना से संपर्क करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सारण पुलिस ने आमजन से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा अपने परिवार को साइबर अपराध से सुरक्षित रखने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को डिजिटल दुनिया में सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

