नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराने में सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19 लड़कियों का रेस्क्यू
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने मानव तस्करी एवं महिलाओं के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर एएचटीयू, महिला थाना तथा विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई लड़कियों से जबरन प्रताड़ित कर नृत्य कराया जा रहा था।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, असम एवं कोलकाता की कुल 19 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मामले में महिला थाना कांड संख्या-64/26 दर्ज करते हुए बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट तथा बंधुआ मजदूर अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में दरियापुर निवासी शैलेश राय, मोतिहारी निवासी पंच लाल, परसा निवासी आलोक कुमार तथा असम निवासी नामता डेकर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी सारण के निर्देश पर गठित विशेष टीम में एएचटीयू प्रभारी विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, मिशन मुक्ति फाउंडेशन के निदेशक वीरेंद्र कुमार सिंह तथा रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली के जांच पदाधिकारी अक्षय पांडेय शामिल थे। अभियान में परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना पुलिस की भी सक्रिय भूमिका रही।
सारण पुलिस ने बताया कि मई 2023 से अब तक चलाए गए विशेष अभियान में कुल 366 लड़कियों को मुक्त कराया जा चुका है। इस दौरान 49 कांड दर्ज करते हुए 123 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि महिलाओं एवं लड़कियों के शोषण से संबंधित किसी भी सूचना को “आवाज दो” हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर साझा करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

