माड़ीपुर कला में 24 घंटे से बिजली गुल, आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के माड़ीपुर कला गांव के लगभग 70 घरों में पिछले 24 घंटे से विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों की परेशानी काफी बढ़ गई है। बिजली नहीं रहने के कारण घरों में लगे विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं, वहीं नल-जल योजना की टंकी से भी लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी दोनों की समस्या से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
बुधवार को स्थानीय ग्रामीणों एवं समाजसेवी भृगुनाथ सिंह के नेतृत्व में दर्जनों आक्रोशित ग्रामीण मांझी विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए और विभागीय कर्मियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से तार-पोल लगाने के कार्य में विद्युत कर्मियों को जबरन रोका जा रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि इस मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गई है, इसके बावजूद गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल कराने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने में कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बाधित रहने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। नल-जल योजना ठप पड़ने से पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। नाराज लोगों ने मांझी के जेई हरिकृष्ण शरण को फोन कर अविलंब विद्युत आपूर्ति बहाल कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

