सिसवन में शुरू हुआ फार्मर रजिस्ट्री अभियान, 30 जून तक पंचायतों में लगेंगे विशेष कैंप
सिवान (बिहार): विकसित भारत-समृद्ध बिहार अभियान के तहत किसानों को डिजिटल पहचान देने के उद्देश्य से सिसवन प्रखंड में 12 मई 2026 से विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में 30 जून 2026 तक विशेष कैंप लगाकर किसानों का निःशुल्क पंजीकरण किया जाएगा।
अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि यह अभियान कृषि विभाग एवं राजस्व व भूमि सुधार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि समय रहते अपना फार्मर आईडी अवश्य बनवा लें, ताकि भविष्य में सरकार द्वारा चलाई जाने वाली कृषि योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए किसानों के पास आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा स्वयं के नाम से जमाबंदी होना अनिवार्य है। किसान अपने पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार अथवा राजस्व कर्मचारी से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। प्रशासन द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
