विशाल तलवार से बढ़ी वीर कुंवर सिंह स्मारक की भव्यता, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा दाउदपुर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा–सिवान मुख्य मार्ग पर स्थित दाउदपुर बाजार के बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक स्थल पर मंगलवार को विशाल तलवार स्थापित की गई। तलवार लगने के बाद स्मारक स्थल की भव्यता और आकर्षण में काफी वृद्धि हो गई है। कार्यक्रम के दौरान लोगों में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला तथा पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
स्मारक निर्माण समिति के सदस्यों ने बाबू वीर कुंवर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके साहस, त्याग और देशभक्ति को नमन किया। इस दौरान भारत माता और वीर कुंवर सिंह के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रणविजय सिंह उर्फ धड़का सिंह ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह ने 1857 की क्रांति में 80 वर्ष की आयु में भी अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध लड़कर अद्भुत वीरता का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि स्मारक स्थल पर स्थापित यह विशाल तलवार शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।
मौके पर शैलेश सिंह, मिथलेश सिंह, राजीव कुमार सिंह, दयानंद सिंह, पंकज सिंह, गजेंद्र सिंह, उमेश सिंह, जितेंद्र सिंह एवं अजीत सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।
#Daudpur #Manjhi #VeerKunwarSingh #Saran #Chapra #BiharNews #Nationalism #Memorial #Historic #BreakingNews
