पत्नी की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप में पति हिरासत में, ससुराल पक्ष फरार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। मामले में पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृत महिला की पहचान मुबारकपुर गांव के बिनटोली गोलापर निवासी चंदन प्रसाद की 32 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बैरिया थाना क्षेत्र के ठेकाहा गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2017 में हिंदू रीति-रिवाज से चंदन प्रसाद के साथ हुई थी।
घटना के संबंध में मृतका के चाचा संजय बीन एवं अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि सुनीता की ननद घर से भाग गई थी, जिसको लेकर ससुराल पक्ष को मायके वालों पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई थी, हालांकि बाद में समझौता भी हो गया था। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद ससुराल वालों ने सुनीता को जान से मारने की धमकी दी थी और बाद में मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि खबर लिखे जाने तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था।

