सिसवन में जमीन विवाद और आपसी झगड़े में पांच लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र एवं चैनपुर ओपी क्षेत्र में हुई अलग-अलग मारपीट की घटनाओं में तीन महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
पहली घटना सिसवन थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में हुई, जहां आपसी जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में स्थानीय निवासी सत्येंद्र साह की पत्नी प्रमिला देवी, उनके पुत्र अनूप कुमार साह, मिथिलेश साह की पत्नी रेणु देवी तथा राजेश साह की पत्नी संगीता देवी घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
वहीं दूसरी घटना चैनपुर ओपी क्षेत्र के रामगढ़ गांव में हुई, जहां आपसी विवाद में हुई मारपीट के दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान स्थानीय निवासी लालमोहर गोंड के पुत्र मुनीलाल गोंड के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों द्वारा उन्हें सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद बढ़ने से आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

