सिसवन में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में हुई अलग-अलग बाइक दुर्घटनाओं में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
पहली घटना सिसवन-सीवान मुख्य मार्ग पर हुई, जहां बाइक से गिरकर दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान गंगपुर सिसवन निवासी शत्रुघ्न बिंद के पुत्र अजय बिंद तथा राजेश बिंद के पुत्र दीपक कुमार बिंद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से चैनपुर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया गया।
वहीं दूसरी घटना थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव में हुई, जहां बाइक दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी वाजिद अली के पुत्र शाहिद अली अंसारी के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से उसे भी सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
#Siswan #Siwan #RoadAccident #BikeAccident #BiharNews #BreakingNews #AccidentNews #SiswanHospital #BikeRider #SiwanNews

