पंचायत चुनाव 2026 को लेकर आरक्षण सूची प्रकाशित, सिसवन में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
सिवान (बिहार): पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर सिसवन प्रखंड प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में आरक्षण निर्धारण के तहत जिला परिषद सदस्य, मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य एवं पंच पदों के लिए गठित निर्वाचन क्षेत्रों का प्रपत्र-1 सोमवार को विधिवत प्रकाशित कर दिया गया। प्रपत्र प्रकाशित होते ही प्रखंड क्षेत्र में पंचायत चुनाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं और संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरक्षण निर्धारण का कार्य वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी पंचायतों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सूची तैयार की गई है, ताकि पंचायत चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
बीडीओ ने आम नागरिकों एवं संभावित प्रत्याशियों से अपील की है कि वे प्रकाशित प्रपत्र का अवलोकन करें। यदि किसी को सूची में किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव हो, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित कार्यालय में अपना आवेदन जमा करा सकते हैं। प्रशासन द्वारा प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
प्रपत्र-1 के प्रकाशन के साथ ही पंचायत चुनाव को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। विभिन्न पंचायतों में संभावित उम्मीदवार समर्थकों के साथ चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में आरक्षण को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
