सिसवन में शराब की बड़ी खेप बरामद, 102 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त
सिवान (बिहार): बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में सिसवन थाना क्षेत्र के गयासपुर मठिया टोलापुर घाट के समीप पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गयासपुर मठिया टोलापुर घाट के पास अवैध रूप से शराब की खेप लाई गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान 48 लीटर किंगफिशर बीयर तथा 54 लीटर रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब बरामद की गई। कुल मिलाकर 102 लीटर शराब जब्त की गई है।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर थाना लाया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि छापेमारी के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार कारोबारियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी हाल में शराब कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

