फरार अभियुक्तों के घर पुलिस की कुर्की-जब्ती, हत्या के प्रयास मामले में कार्रवाई
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में दर्ज मामले के फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम ने उवधि गांव पहुंचकर तीनों नामजद आरोपियों के पैतृक आवास पर कार्रवाई की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि सिसवन थाना कांड संख्या 405/25 दिनांक 23 नवंबर 2025 को दर्ज किया गया था। इस मामले में अभियुक्तों पर हत्या का प्रयास, गंभीर चोट पहुंचाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा आपराधिक बल प्रयोग सहित अन्य संगीन धाराएं लगाई गई हैं। घटना के बाद से सभी आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार फरार अभियुक्तों की पहचान राम बाबू गोंड, सोनू गोंड तथा महत्तम गोंड के रूप में हुई है। तीनों आरोपी सगे भाई हैं और रुदल गोंड के पुत्र बताए जाते हैं। सभी सिसवन थाना क्षेत्र के उवधि गांव के निवासी हैं।
न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर विधिवत इश्तेहार चस्पा किया तथा कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान घर में मौजूद सामानों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान गांव में लोगों की भीड़ जुट गई तथा पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
थानाध्यक्ष ने कहा कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

