जनगणना 2027 कार्यों का बीडीओ ने किया निरीक्षण, कर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने प्रखंड क्षेत्र के रामपुर एवं सिसवाकला में संचालित सहयोग शिविर, फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति तथा जनगणना 2027 से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ ने सहयोग शिविर में आम लोगों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी कार्य पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित कर्मियों से प्रगति रिपोर्ट ली तथा किसानों का पंजीकरण तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर बीडीओ ने प्रगणकों से मुलाकात कर फील्ड में आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने प्रगणकों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य पूरी गंभीरता और सटीकता के साथ किया जाए, ताकि सही आंकड़े एकत्र हो सकें। बीडीओ राजेश कुमार ने कहा कि जनगणना देश के विकास की नींव होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
:

