ग्यासपुर सरयू तट पर श्रीसीताराम महायज्ञ की तैयारी तेज, 28 मई से होगा भव्य आयोजन
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत ग्यासपुर सरयू तट स्थित ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम में आगामी 28 मई से 5 जून तक आयोजित होने वाले श्रीसीताराम महायज्ञ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यज्ञ स्थल पर विशाल पंडाल का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पूरे परिसर को भव्य स्वरूप देने के लिए दिन-रात मजदूर एवं आयोजन समिति के सदस्य जुटे हुए हैं।
श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर श्री देवेन्द्र दास जी महाराज पूज्य सरकार जी ने स्वयं यज्ञ स्थल पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, जलपान, साफ-सफाई तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पूज्य सरकार जी ने कहा कि महायज्ञ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का संदेश देगा।
महायज्ञ की खबर फैलते ही पूरे सिवान जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। गांव-गांव से लोग आयोजन की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर मेले जैसा वातावरण बनाने के लिए झूले, खेल-तमाशे तथा प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस महायज्ञ में बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड तथा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सहायता एवं भीड़ नियंत्रण के लिए वालंटियरों की अलग टीम भी बनाई गई है।
पूरे आयोजन की देखरेख पूज्य सरकार जी के सानिध्य में की जा रही है। उनके निर्देश पर सभी कार्य योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि सरयू तट पर होने वाला यह श्रीसीताराम महायज्ञ ऐतिहासिक होगा और इससे पूरे इलाके में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक माहौल का संचार होगा।

