आमडाढी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा थाना क्षेत्र के आमडाढी गांव में एक विवाहिता की फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान आमडाढी गांव निवासी पंकज महतो की 28 वर्षीय पत्नी सरिता देवी के रूप में की गई है। सूचना मिलने के बाद एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना की खबर मिलते ही सरिता देवी के मायके पक्ष के लोग एकमा थाना पहुंचे, जहां परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि विवाह के बाद से ही सरिता को प्रताड़ित किया जा रहा था।
बताया जाता है कि सरिता देवी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। वह अपने पीछे सात माह की एक मासूम बच्ची छोड़ गई है। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दहेज हत्या के आरोपों को लेकर पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।
#Hashtags: #Ekma #SaranNews #DowryDeath #BiharNews #CrimeNews #WomanDeath #PoliceInvestigation #BreakingNews #LocalNews #ChapraNews

