सारण में शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति का गठन, भ्रष्टाचार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिला माध्यमिक शिक्षक संघ भवन के सभागार में शनिवार को विभिन्न शिक्षक संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से “शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति” का गठन किया गया। बैठक में शिक्षकों की समस्याओं, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार तथा कर्मचारियों की मनमानी को लेकर गहन चर्चा की गई।
बैठक में माध्यमिक शिक्षक संघ सारण के सचिव विद्यासागर विद्यार्थी, विद्यालय अध्यापक अजय कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ सारण के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, प्रधान सचिव सुरेंद्र सिंह, वरीय उपाध्यक्ष संजय राय, अराजपत्रित शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराफिल, प्रधान सचिव कमलेश्वर राय, बिहार प्रारंभिक शिक्षक संघ के नेता राकेश सिंह तथा बिहार नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के नेता कमलेश्वर प्रसाद यादव सहित कई शिक्षक नेता उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव विद्यासागर विद्यार्थी को शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति का संयोजक तथा अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव कमलेश्वर राय को उप संयोजक बनाया गया। साथ ही सभी शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों को समिति का सदस्य बनाए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सारण जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की मनमानी एवं कार्यशैली से शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है। समिति ने निर्णय लिया कि शिक्षकों की मांगों तथा भ्रष्टाचार के विरोध में इस बैनर तले चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
नवनिर्वाचित संयोजक विद्यासागर विद्यार्थी ने कहा कि शिक्षक हितों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए समिति लगातार संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा।

