आरएसएस की बैठक में सामाजिक समरसता पर दिया गया जोर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: गरखा प्रखंड अंतर्गत शीतल सिंह सरस्वती शिशु मंदिर, धनौरा में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की सारण जिला स्तरीय गरखा प्रखंड कमिटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शाखा के जिला संघीय पदाधिकारियों, गरखा प्रखंड के सदस्यों तथा कोठियां-नाराव क्षेत्र के दर्जनों नए स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का वातावरण अनुशासन, राष्ट्रभावना एवं सामाजिक जागरूकता से ओतप्रोत रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला से आए महेश जी ने कहा कि व्यक्ति के निजी कार्यों का प्रभाव केवल उस पर ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य सभी लोगों को साथ लेकर आदर्श समाज का निर्माण करना है। अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक समरसता एवं बंधुत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि समय के साथ समाज में काफी बदलाव आया है, जिसे समझने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पहले परिवार के सदस्य एक-दूसरे के साथ मिलकर रहते थे और सुख-दुःख साझा करते थे, लेकिन आज के समय में लोग बच्चों को मोबाइल देकर आधुनिकता की ओर तो बढ़ा रहे हैं, पर संस्कारों से दूर कर रहे हैं। महेश जी ने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार एक चालक यात्रियों को सही दिशा में सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाता है, उसी प्रकार समाज और परिवार को सही दिशा देने के लिए हम सभी को संकल्पित होना होगा, तभी देश और समाज का समुचित विकास संभव हो सकेगा।
बैठक में उपस्थित लोगों से समाज के सभी वर्गों के साथ मित्रवत व्यवहार करने, संगठित रहने तथा पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में जिला प्रचारक महेश जी, मिथलेश कुमार, पूर्व प्रधानाचार्य सदानंद सिंह, प्रोफेसर होशियार सिंह, खंड प्रमुख रत्नेश कुमार सिंह, उपखंड प्रमुख संदीप कुमार तिवारी, कृषि समन्वयक हेमंत सिंह, शिक्षक नेता राकेश कुमार सिंह, प्रधान शिक्षक राजेश कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

