गरखा में 1 जून को होगी ‘अस्मिता महिला रोड साइक्लिंग सिटी लीग’, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: गरखा स्थित सेंट जोसेफ अकैडमी में शनिवार को साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 1 जून को गरखा, सारण में आयोजित होने वाली ‘अस्मिता महिला रोड साइक्लिंग सिटी लीग’ की तैयारियों एवं सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह ने की, जबकि साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के अध्यक्ष देव कुमार सिंह एवं सचिव राकेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का संचालन उपाध्यक्ष पंकज कश्यप ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती कल्पना छेत्री ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर बिहार साइक्लिंग संघ के कोच आशीष कुमार, साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार, नीरज तिवारी, संयुक्त सचिव संजय कुमार, प्रमोद कुमार, रौशनी राय, अभिषेक कुमार सिंह, प्रतीक राज, सुशील कुमार सिंह, संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी कुमार मृणाभ तथा सेंट जोसेफ अकैडमी के निदेशक राम कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि ‘अस्मिता महिला रोड साइक्लिंग सिटी लीग’ का आयोजन जूनियर, सब-जूनियर एवं सीनियर वर्गों में किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक प्रतिभागियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।

