एसएसपी आवास के समीप दिनदहाड़े चेन झपटमारी, जांच में जुटी पुलिस
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। भगवान बाजार थाना क्षेत्र में एसएसपी आवास के समीप दिनदहाड़े एक वृद्ध से सोने की चेन झपटमारी की घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया। बाइक सवार दो उचक्कों ने वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित की पहचान शिव बाजार मोहल्ला निवासी नन्हा प्रसाद के रूप में हुई है। उन्होंने भगवान बाजार थाना में आवेदन देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि वह शाम के समय स्कूटी से अपनी दुकान हथुआ मार्केट जा रहे थे। इसी दौरान एसएसपी आवास के पास पीछे से बाइक पर पहुंचे दो उचक्कों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। भगवान बाजार थानाध्यक्ष रंधीर कुमार ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हो गया है तथा प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पूर्व भी एक महिला डॉक्टर किरण के साथ चेन छीनने का प्रयास किया गया था। वहीं जलालपुर थाना क्षेत्र के बसडीला गांव की एक महिला से भी मलखाना चौक पर चेन झपटमारी की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

