महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब 2026 का खिताब छपरा के नाम, अनिकेत बने मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज
सारण (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: माँझी प्रखंड के जई छपरा गांव में आयोजित उथरना महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब 2026 के जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मैच सिवान और छपरा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें छपरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में सिवान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 14 ओवर में 179 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी छपरा की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 180 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। छपरा की जीत में अनिकेत कुमार सिंह कुमरा ने अहम भूमिका निभाई। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ एवं पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिए ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट के आयोजनकर्ता सोनू कुमार सिंह, बृजेश कुमार सिंह एवं अशोक चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का कार्य करते हैं और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
समापन समारोह में एलआईसी एजेंट विजय कुमार चौधरी एवं सुरेश यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कृत करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और मेहनत का भी संदेश देता है।
ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस सफल टूर्नामेंट ने खेल प्रेमियों में नया उत्साह भर दिया और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान किया।

