मांझी के सुयश कुमार बने चार्टर्ड अकाउंटेंट, क्षेत्र में खुशी की लहर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी नगर पंचायत के मियाँपट्टी निवासी एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी ओमप्रकाश वर्णवाल के परिवार में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब उनके पोते सुयश कुमार ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। परिवार में पहले से दो सीए होने के बाद अब तीसरी पीढ़ी के रूप में सुयश कुमार की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में हर्ष का माहौल है।
शनिवार को रांची स्थित सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल में आयोजित भव्य समारोह में सुयश कुमार को सीए का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। समारोह के दौरान परिवार के सदस्य भावुक नजर आए। सीपीई के चेयरमैन भुवनेश कुमार ने उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर परिजनों एवं शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
सुयश कुमार, माँझी के सुप्रसिद्ध व्यवसायी संजीव कुमार वर्णवाल के पुत्र हैं। उनके चाचा सतीश कुमार वर्णवाल एवं अमित कुमार वर्णवाल पहले से ही चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। परिवार में लगातार तीसरे सदस्य के सीए बनने से पूरे क्षेत्र में गौरव का माहौल बना हुआ है।
विशेष बात यह रही कि सुयश कुमार ने पहले ही प्रयास में सीए की कठिन परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पढ़ाई के साथ-साथ वे क्रिकेट के भी अच्छे खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे अपनी जन्मभूमि माँझी और यहां के लोगों के लिए बेहतर कार्य करना चाहते हैं।
सुयश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता सुनीता देवी एवं संजीव वर्णवाल, बड़ी बहन कृति कुमारी, दादा ओमप्रकाश वर्णवाल तथा दादी उर्मिला देवी को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और आशीर्वाद के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा माँझी के सरस्वती शिशु मंदिर तथा छपरा के इम्पीरियल पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने कोलकाता, नई दिल्ली एवं बेंगलुरु में उच्च शिक्षा प्राप्त कर यह मुकाम हासिल किया।

