अखंड अष्टयाम को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, झांकी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
सारण (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: माँझी प्रखंड क्षेत्र के जई छपरा पाण्डेय टोला गांव स्थित गंगा ब्रह्मबाबा स्थान पर आयोजित 24 घंटे के अखंड अष्टयाम को लेकर रविवार की सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एवं कन्याएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लिए नगर भ्रमण में शामिल हुईं। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
कलश यात्रा जई छपरा पाण्डेय टोला स्थित गंगा ब्रह्मबाबा पूजास्थल से प्रारंभ होकर साईंपुर, चाटेया और जई छपरा होते हुए सरयू नदी के आम घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जलभरण किया। इसके बाद कलश यात्रा पुनः पूजा पंडाल परिसर पहुंची। यात्रा शुरू होने से पहले आचार्य सत्यजीत पाण्डेय उर्फ शास्त्री जी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई।
कलश यात्रा को आकर्षक बनाने के लिए आगे-आगे चल रहे राजू पाण्डेय एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सजे डीजे से लगातार “जय श्री राम” के जयघोष गूंजते रहे। धार्मिक नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं यात्रा में शामिल बैंड-बाजे, धर्मध्वजा से सुसज्जित घोड़े एवं हाथियों की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्य राजू पाण्डेय, भोलू कुमार दुबे, नितेश पाण्डेय, हरेंद्र पंडित सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक आस्था के बीच निकली यह कलश यात्रा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

