युवा जागरण का सफल एक वर्ष: युवा प्रकोष्ठ सारण ने सेवा, संस्कार और सामाजिक चेतना का रचा नया इतिहास
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार के संस्थापक युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के पावन संरक्षण तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार और प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के प्रमुख युवा मार्गदर्शक मनीष भैया के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में स्थापित युवा प्रकोष्ठ सारण ने अपने सफल एक वर्ष पूर्ण होने पर उत्साह और श्रद्धा के साथ स्थापना दिवस मनाया।
युवा प्रकोष्ठ सारण की स्थापना 24 मई 2025 को समाज में सकारात्मक परिवर्तन और युवा चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से की गई थी। एक वर्ष के दौरान संगठन ने सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए युवाओं के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई है। “हम बदलेंगे तो युग बदलेगा” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे इस संगठन ने समाज में नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का कार्यकिया है।
स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन से जुड़े सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया गया कि वर्तमान समय में युवा प्रकोष्ठ सारण द्वारा सप्ताहिक मोटिवेशनल सेमिनार, वृक्षारोपण अभियान, साहित्य स्टॉल, नुक्कड़ सभा एवं बाल संस्कारशाला जैसी गतिविधियों का नियमित संचालन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और बच्चों में नैतिकता, अनुशासन, संस्कार एवं सामाजिक चेतना का विस्तार हो रहा है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवा प्रकोष्ठ सारण केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन की सशक्त सोच और सामाजिक जागरण का अभियान है। संगठन से जुड़े भाई-बहनों ने समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और संस्कार जागरण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर आदरणीय मनीष भैया, निशांत भैया सहित उन सभी कार्यकर्ताओं के योगदान को विशेष रूप से स्मरण किया गया, जिन्होंने भीषण गर्मी में भी कठिन परिश्रम कर 24 मई 2025 के भव्य कार्यक्रम को सफल बनाया और युवा प्रकोष्ठ सारण की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

