“नशा मुक्त सारण” अभियान में बड़ी कार्रवाई, 550 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद, कारोबारी गिरफ्तार
सारण (बिहार): वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में चलाए जा रहे “नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत सारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस अभियान के दौरान कुल 550.42 लीटर शराब जब्त की गई, जबकि एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
बरामद शराब में 07 लीटर देशी शराब तथा 543.42 लीटर विदेशी शराब शामिल है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान शराब ढोने में प्रयुक्त एक बोलेरो एवं एक ई-रिक्शा भी जब्त किया है। गिरफ्तार कारोबारी के खिलाफ संबंधित थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थानावार कार्रवाई के अनुसार दाउदपुर थाना क्षेत्र से 429.12 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं भगवान बाजार थाना क्षेत्र से 114.3 लीटर विदेशी शराब के साथ एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया गया। पानापुर थाना क्षेत्र से 07 लीटर देशी शराब जब्त की गई।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करों एवं अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में शराब माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चलाए जाने से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

