सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध ऑर्केस्ट्रा गिरोह का भंडाफोड़, बांग्लादेशी महिला के फर्जी पहचान नेटवर्क का खुलासा
सारण (बिहार): सक्रिय पुलिसिंग अभियान के तहत सारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमनौर थाना क्षेत्र में संचालित अवैध ऑर्केस्ट्रा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में बांग्लादेशी महिला के फर्जी पहचान पत्र तैयार करने वाले नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस कांड में अब तक कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर 28 अप्रैल 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा-1 के नेतृत्व में मकेर एवं अमनौर थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने लच्छी कैतुका, नाटकशाला बाजार के समीप अवैध रूप से संचालित ऑर्केस्ट्रा गिरोह के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाया था। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अवैध एवं आपत्तिजनक नृत्य कार्यक्रमों में शामिल कराया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान एक विदेशी महिला को हिरासत में लिया गया। जांच में पता चला कि महिला बांग्लादेश की रहने वाली है और उसका वीजा काफी पहले समाप्त हो चुका था, बावजूद इसके वह अवैध रूप से भारत में रह रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसके संपर्कों एवं पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू की।
अनुसंधान के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि उक्त महिला के लिए फर्जी आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र तैयार कराए गए थे। इस संबंध में अमनौर थाना कांड संख्या 179/26, दिनांक 28.04.2026 दर्ज किया गया। तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह के दो सदस्यों मो. जियाउलाह अंसारी एवं जीवछ महतो को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामानों में दो लैपटॉप, एक आईरिश स्कैनर, एक कैमरा, 21 आधार कार्ड, पांच आयुष्मान कार्ड, 13 वोटर कार्ड, तीन पैन कार्ड, एक पासबुक, आधार कार्ड बनाने वाली फिंगर प्रिंट मशीन सहित कई अन्य दस्तावेज और उपकरण शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. जियाउलाह अंसारी मधुबनी जिले के लदनिया थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव का निवासी है, जबकि जीवछ महतो मधुबनी जिले के लौकाहा थाना क्षेत्र के एकमा गांव का रहने वाला बताया गया है।
सारण पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी तथा पूरे नेटवर्क के उद्भेदन के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में अमनौर थाना पुलिस, डीआईयू सारण तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

