जीवन ज्योति सेवा संस्थान की क्विज प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया प्रतिभा का दम
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी प्रखंड के महम्मदपुर पूरब पट्टी स्थित मंदिर परिसर में रविवार को जीवन ज्योति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए करीब 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 100 अंकों की इस मेधा परीक्षा में प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता में उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय के छात्र अंश कुमार महतो ने 80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और पुरस्कार स्वरूप साइकिल जीती। वहीं मध्य विद्यालय रामगढ़ के छात्र पियूष कुमार ने द्वितीय तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के अरमान हुसैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्थान की ओर से टॉप 20 छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कोचिंग संचालक अभिषेक कुमार तिवारी, समाजसेवी जितेंद्र उपाध्याय तथा संस्थान के संस्थापक विजय चौधरी ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने संस्थान के उद्देश्यों की चर्चा करते हुए ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा एवं प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजनों की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विजय चौधरी, अविनाश कुमार उपाध्याय, सोनू कुमार साह, सोनू साह, रवि शंकर साह, सुधीर साहनी, सुभाष साहनी, रघुनन्दन साहनी, विश्वकर्मा कुमार, अभिषेक कुमार प्रसाद एवं अरमान अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

