स्वास्थ्य मंत्री से मिले डॉ. रोहित कुमार, मांझी सीएचसी आने का दिया निमंत्रण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार के नवनियुक्त स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के कार्यभार संभालने के बाद बिहार चिकित्सक संघ, भाषा के महासचिव सह मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने पटना स्थित स्वास्थ्य विभाग कार्यालय परिसर में शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान डॉ. रोहित कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री को बुके भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा बिहार के स्वास्थ्य तंत्र को और सुदृढ़ बनाने की उम्मीद जताई।
डॉ. रोहित कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह मुलाकात सामान्य शिष्टाचार भेंट थी, लेकिन बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर नई उम्मीदें भी जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को नव नियुक्त स्वास्थ्य मंत्री से काफी अपेक्षाएं हैं और विश्वास है कि स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आने का निमंत्रण भी दिया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुधार की दिशा में पहल की जा सके। स्वास्थ्य मंत्री के पदभार ग्रहण करने के बाद उन्हें बधाई देने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का लगातार तांता लगा हुआ है।

