सक्षमता परीक्षा अभ्यर्थियों को अंतिम मौका, 18 मई को फिर होगी काउंसलिंग
पटना (बिहार): शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बिहार सरकार ने स्थानीय निकाय सक्षमता परीक्षा (तृतीय एवं चतुर्थ) के सफल अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। विभाग द्वारा बताया गया है कि जिन अभ्यर्थियों की 06 फरवरी 2026 से 11 फरवरी 2026 के बीच आयोजित काउंसलिंग किसी कारणवश पूरी नहीं हो सकी थी, उन्हें अब एक अंतिम अवसर दिया जा रहा है। ऐसे अभ्यर्थियों की पुनः काउंसलिंग 18 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। अपरिहार्य परिस्थितियों में यदि निर्धारित तिथि को काउंसलिंग नहीं हो पाती है, तो 19 मई 2026 को आरक्षित तिथि के रूप में काउंसलिंग कराई जाएगी।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रमाण पत्र सत्यापन एवं काउंसलिंग का अंतिम अवसर होगा। यदि संबंधित अभ्यर्थी इस दौरान अनुपस्थित रहते हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। विभाग ने सभी सफल अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित होकर प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।
इसके साथ ही विभाग ने उन शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए भी राहत दी है, जिनके एक या अधिक प्रमाण पत्र काउंसलिंग के दौरान संदिग्ध पाए गए थे। ऐसे अभ्यर्थी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के पोर्टल पर 11 मई 2026 से 15 मई 2026 तक अपने सही प्रमाण पत्र अपलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थी अपने Login ID एवं Password के माध्यम से पोर्टल पर जाकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे।
विभाग के अनुसार विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट तथा सक्षमता परीक्षा पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।

