ऑपरेशन सिन्दूर के वीर शहीद मोहम्मद इम्तियाज़ को श्रद्धांजलि, छपरा में आयोजित हुआ भावुक समारोह
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान शहीद हुए बीएसएफ के वीर उपनिरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज़, वीर चक्र के प्रथम शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में शहीद के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर शहीद की पत्नी एवं परिजनों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रमंडलीय मुख्यालय स्थित किलकारी के कलाकारों द्वारा ऑपरेशन सिन्दूर पर आधारित प्रेरक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। वहीं “ऐ मेरे वतन के लोगों” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भावुक कर दिया। बीएसएफ के आईजी मधुकर ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद मोहम्मद इम्तियाज़ ने 09 मई 2025 को जम्मू-कश्मीर में अपने पोस्ट पर हुए घटनाक्रम के दौरान अदम्य साहस का परिचय दिया और 10 मई को मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने बीएसएफ की गौरवशाली परंपरा और देश की प्रथम सुरक्षा पंक्ति के रूप में उसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
बिहार सरकार के मंत्री जमा खान ने कहा कि शहीद इम्तियाज़ का सर्वोच्च बलिदान पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार द्वारा शहीद परिवार को 50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई है तथा उनके एक पुत्र को सरकारी नौकरी भी प्रदान की गई है। महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने इसे गर्व और भावनाओं से जुड़ा क्षण बताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में बीएसएफ और सेना का योगदान अतुलनीय है। वहीं सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि सारण के इस वीर सपूत का बलिदान सभी नागरिकों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, गरखा विधायक सुरेंद्र राम, छपरा विधायक छोटी कुमारी, बीएसएफ आईजी मधुकर, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, बीएसएफ कमांडेंट सुनील कुमार, आईटीबीपी कमांडेंट पीयूष पुष्कर, डिप्टी कमांडेंट अनिल कुमार झा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही शहीद की पत्नी, पुत्र, पुत्री एवं अन्य परिजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा में स्काउट एंड गाइड, एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शहीद को नमन किया।
#Chapra #BSF #OperationSindoor #MohammadImtiaz #Martyr #Tribute #BiharNews #SaranNews #IndianArmy #BorderSecurityForce #ShaheedImtiaz #PatrioticEvent

