माहवारी स्वच्छता दिवस पर किशोरियों व महिलाओं ने चलाया जागरूकता अभियान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड अंतर्गत अवारी गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किशोरियों, महिलाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं और शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा समाज में माहवारी को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक निभा कुमारी ने छात्राओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं, शिक्षिकाओं एवं किशोरियों के साथ हाथों में रेड डॉट का निशान बनाकर माहवारी के दौरान स्वच्छता अपनाने और इस विषय पर खुलकर संवाद करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मासिक स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पुरुषों की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि समाज में आज भी माहवारी जैसे संवेदनशील विषय पर खुलकर चर्चा नहीं की जाती, जो चिंता का विषय है। महिलाओं के प्रति भेदभाव तब तक समाप्त नहीं हो सकता, जब तक पुरुष उनकी समस्याओं और जरूरतों के प्रति संवेदनशील नहीं होंगे। किशोरियों और महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।
आईसीडीएस एवं विद्यालय की छात्राओं द्वारा रेड डॉट अभियान चलाकर समाज में चुप्पी तोड़ने और माहवारी को लेकर झिझक खत्म करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जितनी जल्दी किशोरियां इस विषय पर खुलकर बात करेंगी, उतनी ही तेजी से समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस अवसर पर लैंगिक विशेषज्ञ सुजाता श्री, वन स्टॉप सेंटर की मनोवैज्ञानिक परामर्शी संगीता कुमारी, विद्यालय की वार्डन पिंकी कुमारी, शिक्षिकाएं एवं अन्य कई लोग उपस्थित रहे।

