टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली मजबूती, ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति ने बांटा पौष्टिक आहार
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सारण जिले में सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा बुधवार को स्थानीय शाखा कार्यालय साधनापुरी में पौष्टिक आहार वितरण सह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. आरपी सिंह, डब्ल्यूएचओ के राज्य समन्वयक डॉ. उमेश चंद्र त्रिपाठी तथा संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र और बुके देकर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रत्नेश्वर प्रसाद सिंह ने लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज का हर व्यक्ति टीबी मरीजों की सहायता कर इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने बताया कि समय पर दवा, पौष्टिक भोजन और सामाजिक सहयोग मिलने से यक्ष्मा जैसी बीमारी को जल्द नियंत्रित किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान मरीजों के बीच पौष्टिक आहार का वितरण कर उन्हें नियमित उपचार और संतुलित भोजन के प्रति जागरूक किया गया।
डब्ल्यूएचओ की ओर से यक्ष्मा उन्मूलन अभियान के राज्य समन्वयक डॉ. उमेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह टीबी मरीजों के लिए देवतुल्य सेवा कार्य कर रही हैं। उन्होंने मरीजों को टीबी से बचाव, नियमित दवा सेवन और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सही इलाज से टीबी को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है।
संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह ने बताया कि शिविर में सदर अस्पताल परिसर स्थित यक्ष्मा विभाग की ओर से करीब 50 टीबी मरीजों की मधुमेह जांच की गई। इसके साथ ही मरीजों एवं उनके अभिभावकों को गर्मी और धूप से बचाव को लेकर जागरूक किया गया। मरीजों के बीच आयरन, कैल्शियम, मास्क, ओआरएस, विटामिन एवं प्रोटीन युक्त दवाओं का वितरण भी किया गया। लगभग 50 टीबी मरीजों को फूड पैकेट देकर मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. आरपी सिंह, डब्ल्यूएचओ के राज्य समन्वयक डॉ. उमेश चंद्र त्रिपाठी, डॉ. अल्का सिंह, धर्मेंद्र रस्तोगी, डीपीसी हिमांशु शेखर, एसटीएस मुकेश कुमार, एलटी संजेश कुमार सिंह, सुनील कुमार दास, संस्था की मणि शाही, प्रीति शाही, नसीम अख्तर, सुमन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

