बकरीद को लेकर मांझी में फ्लैग मार्च, शांति और भाईचारे की अपील
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मांझी थाना पुलिस ने शुक्रवार की संध्या क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व सर्किल इंस्पेक्टर किरण शंकर एवं थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने किया। मार्च थाना परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों एवं संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी, चौकीदार और दफदार कर्मी मौजूद रहे।
मांझी पुलिस ने किया मार्च
इस दौरान थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि बकरीद प्रेम, त्याग और भाईचारे का पर्व है। सभी लोग मिलजुल कर पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को देने का आग्रह किया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी।

