मांझी में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, अमन-चैन की मांगी गई दुआ
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व शनिवार को पूरी मजहबी अकीदत, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पर्व को लेकर सुबह से ही प्रखंड के विभिन्न मुस्लिम बहुल इलाकों में उत्साह का माहौल बना रहा। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने स्नान कर नए वस्त्र धारण किए, इत्र लगाकर अपने-अपने नजदीकी ईदगाहों एवं जामा मस्जिदों का रुख किया, जहां विशेष नमाज अदा की गई।
ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज के दौरान लोगों ने देश-दुनिया में सुख, शांति, तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
बकरीद को शांतिपूर्ण और गरिमामयी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार दलबल के साथ लगातार क्षेत्र में सक्रिय दिखे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रखंड एवं अंचल प्रशासन के दंडाधिकारियों तथा कर्मियों के साथ विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का निरीक्षण किया। प्रशासन की टीम ने नमाजियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाए रखा और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी।
प्रखंड प्रशासन, पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों के आपसी सहयोग से पूरे मांझी प्रखंड में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसकी लोगों ने सराहना की।

