शॉर्ट सर्किट से लगी आग में दो लाख रुपये नकद समेत दो बकरियां जिंदा जलीं, झोंपड़ी जलकर राख
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत के रामघाट के समीप रेल परिसर में खड़ी एक झोंपड़ीनुमा घर में गुरुवार को अचानक आग लग जाने से भारी नुकसान हो गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते पूरी झोंपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दो लाख रुपये नकद, दो बकरियां, जेवर, कपड़े, पलंग, चौकी, अनाज, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल सका। आगलगी के दौरान एक गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से स्थिति और भयावह हो गई। तेज धमाके के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही मौके पर अग्निशमन विभाग की गाड़ी पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया। लोगों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य झोंपड़ियों और दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पीड़िता पिंकी कुंअर के पति कमल चौधरी की करीब पांच माह पूर्व ठंड लगने से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद पिंकी कुंअर मायके में रहकर लोगों के घरों में झाड़ू-बर्तन और खाना बनाने का काम कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। आगलगी की इस घटना ने परिवार को पूरी तरह संकट में डाल दिया है। अब पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, राहत सामग्री और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और प्रशासन को मानवीय आधार पर तुरंत मदद करनी चाहिए।
पूरी वीडियो देखें
#Manjhi #FireIncident #ShortCircuit #SaranNews #BiharNews #BreakingNews #FireAccident #ManjhiNews #LocalNews #HindiNews #Ramghat #AccidentNews

