सृष्टि सिंह ने बिहार पुलिस में पाई सफलता, गांव में खुशी की लहर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा प्रखंड के डोहर (रसूलपुर) गांव निवासी भूपेन्द्र सिंह की पुत्री सृष्टि सिंह ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद बिहार पुलिस में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सृष्टि की इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है और लोगों द्वारा लगातार उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं।
सृष्टि सिंह के पिता भूपेन्द्र सिंह रसूलपुर में कपड़े की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि बेटी की सफलता में माता सुनीता देवी का भी भरपूर सहयोग रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने सृष्टि की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। सृष्टि एक भाई और एक बहन हैं।
सृष्टि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक पढ़ाई किया करती थीं। उनकी प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा एकमा स्थित अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय से हुई, जबकि ग्रेजुएशन की पढ़ाई छपरा कॉलेज से पूरी की।
रिजल्ट घोषित होने के बाद गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला। सृष्टि सिंह को मिठाई खिलाने वालों का तांता लगा रहा। सफलता मिलने के बाद उन्होंने अपने परिजनों के साथ महेंद्र नाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर शैलेश सिंह, मुखिया प्रतिनिधि भरत सिंह, विजेन्द्र सिंह, संजय सिंह पत्रकार समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।

