श्री सीताराम महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, जय श्रीराम के नारों से गूंजा क्षेत्र
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के सरयू तट स्थित ग्यासपुर ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम पर 28 मई से 5 जून तक आयोजित होने वाले श्रीसीताराम महायज्ञ को लेकर बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कलश यात्रा ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम से प्रारंभ होकर ग्यासपुर, साईपुर, निरखापुर, नवका टोला और जई छपरा होते हुए सरयू तट पहुंची। यात्रा में शामिल महिलाएं सिर पर कलश लेकर श्रद्धा और उत्साह के साथ चल रही थीं। रास्ते भर श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंगते रहे।
सरयू तट पर आचार्य पंडित संतोष द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलशों में सरयू जल भरकर महायज्ञ स्थल के लिए प्रस्थान किया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
इस अवसर पर देवेंद्र दास जी महाराज, ब्रजेश दास जी महाराज तथा अशोक दास जी महाराज सहित कई संत-महात्मा उपस्थित रहे। महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति के अनुसार बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
महायज्ञ के सफल आयोजन को लेकर सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की गई है। स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर लगातार तैयारियों में जुटी हुई है।
#Siswan #Gyaspur #SitaramMahayagya #KalashYatra #SaryuTat #ReligiousNews #BiharNews #ChapraNews #JaiShriRam #Mahayagya2026

