खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया सारण क्रिकेट लीग का शंखनाद, नवंबर में पटना में होगा आयोजन
पटना (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से गुरुवार को उनके पटना स्थित आवास पर सारण क्रिकेट लीग (SCL) की निदेशक कुसुम ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान खेल मंत्री को सारण क्रिकेट लीग का मोमेंटो एवं शंख भेंट कर आगामी लीग के आयोजन का औपचारिक शंखनाद किया गया। इस अवसर पर खेल मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त जरिया है। उन्होंने कहा कि गांवों और छोटे शहरों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें सही मंच और अवसर मिलने की आवश्यकता है। उन्होंने सारण क्रिकेट लीग के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी लंबे समय से क्षेत्र में खेल एवं युवा गतिविधियों को बढ़ावा देने के पक्षधर रहे हैं। इसी कड़ी में शुरू की गई सारण क्रिकेट लीग का उद्देश्य सारण संसदीय क्षेत्र के गांवों और छोटे शहरों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
सारण क्रिकेट लीग के पहले संस्करण में सारण संसदीय क्षेत्र की कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इसके लिए ट्रायल एवं चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है, जिसमें क्षेत्र के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। लीग का आयोजन नवंबर 2026 में पटना में किया जाएगा। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
#SaranCricketLeague #SCL2026 #ShrayasiSingh #RajivPratapRudy #BiharCricket #SportsNews #CricketTournament #SaranNews #BiharSports #YouthTalent

