ग्रामीण युवाओं के लिए खुशखबरी: BSNL के साथ जुड़कर बनें आत्मनिर्भर, गांवों में खुलेगा डिजिटल रोजगार का नया रास्ता
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतनेट योजना अब ग्रामीण भारत में डिजिटल क्रांति का मजबूत आधार बनती जा रही है। सारण प्रमंडल अंतर्गत सिवान, गोपालगंज और सारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के विस्तार से इंटरनेट कनेक्टिविटी, डिजिटल सेवाओं और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद बढ़ गई है। बीएसएनएल ने ग्रामीण युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और पंचायत प्रतिनिधियों को इससे जोड़ने के लिए विशेष पहल शुरू की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि भारतनेट योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी गति देगी।
बीएसएनएल परिचालन प्रमुख रुपेंद्र पाठक ने बताया कि भारतनेट दुनिया की सबसे बड़ी ग्रामीण दूरसंचार परियोजनाओं में शामिल है, जिसका मुख्य उद्देश्य सभी ग्राम पंचायतों और बसे हुए गांवों तक हाई स्पीड ब्रॉडबैंड सेवा पहुंचाना है। केंद्र सरकार ने अब इस योजना का दायरा बढ़ाकर लगभग छह लाख गांवों तक कर दिया है, जिससे सारण प्रमंडल के हजारों ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यदि किसी गांव में कम से कम पांच एफटीटीएच (FTTH) कनेक्शन की ऑनलाइन मांग तैयार हो जाती है, तो बीएसएनएल अपनी एजेंसी के माध्यम से पंचायत से उस गांव तक ऑप्टिकल फाइबर केबल पहुंचाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तेज इंटरनेट सेवा उपलब्ध होगी और डिजिटल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो सकेगा।
रुपेंद्र पाठक ने कहा कि भारतनेट उद्यमी योजना ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर बन सकती है। इच्छुक युवक-युवतियां, स्वयं सहायता समूह, पंचायत प्रतिनिधि और छोटे उद्यमी कम निवेश में बीएसएनएल के भारतनेट उद्यमी बन सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। योजना के तहत एफटीटीएच कनेक्शन उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों को राजस्व में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीएसएनएल चयनित उद्यमियों को तकनीकी प्रशिक्षण, नेटवर्क संचालन और ग्राहक सेवा से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराएगा, ताकि वे अपने क्षेत्र में बेहतर इंटरनेट सेवा दे सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा मजबूत होने से ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल भुगतान, टेलीमेडिसिन, ई-गवर्नेंस और छोटे व्यवसायों को नई गति मिलेगी। इससे गांवों के युवाओं को रोजगार के लिए शहरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता भी कम होगी।
इस अवसर पर सारण प्रमंडल के बीएसएनएल परिचालन प्रमुख रुपेंद्र पाठक, एजीएम ऑपरेशन अब्दुल माजिद और एसडीओ विकास कुमार मौजूद रहे।

