700 साल पुराना पीपल का विशाल पेड़ गिरा, कई गांवों का आवागमन ठप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड की घोरहट पंचायत अंतर्गत भभौली गांव में बुधवार की दोपहर एक विशाल और सैकड़ों वर्ष पुराना पीपल का पेड़ अचानक बांध सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे आसपास के तीन से चार गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण नितेश कुमार ने बताया कि यह पीपल का पेड़ गांव की पहचान माना जाता था। गांव के बुजुर्गों के अनुसार पेड़ की उम्र करीब सात सौ वर्ष बताई जाती है। बुधवार दोपहर अचानक तेज आवाज के साथ यह विशालकाय पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिर पड़ा। पेड़ इतना बड़ा था कि पूरी सड़क उसकी चपेट में आ गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना के दौरान कई विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए तथा बिजली के तार टूट जाने से इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और प्रशासन से जल्द पेड़ हटवाकर सड़क चालू कराने की मांग करने लगे।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस समय पेड़ गिरा, उस वक्त सड़क से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था। यदि उस समय लोग या वाहन वहां मौजूद रहते तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने इसे भगवान की कृपा बताते हुए प्रशासन से शीघ्र आवागमन और बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

