बकरीद को लेकर एकमा नगर पंचायत में निकाला गया फ्लैग मार्च
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर एकमा थाना क्षेत्र के एकमा नगर पंचायत में थाना प्रभारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बकरीद के दौरान अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है तथा ऐसे लोगों से प्रशासन पूरी सख्ती से निपटेगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि यह त्योहार आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं।
फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा देखा गया।

