राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड में परिजनों से मिले सांसद सिग्रीवाल, बोले—अपराधियों पर होगी कठोर कार्रवाई, जरूरत पड़ी तो एनकाउंटर भी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के चर्चित वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड को लेकर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल पीड़ित परिवार से मिलने पहुँचे और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई भी अपराधी कानून के शिकंजे से बाहर नहीं रह सकता और पुलिस द्वारा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस सरकार में अपराध करने की किसी को छूट नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर एनकाउंटर जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
पत्रकारों से बातचीत में सांसद सिग्रीवाल ने बताया कि प्रशासन पूरी गंभीरता से मामले की जांच में जुटा हुआ है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी अपराधी प्रशासन की नजर से बच नहीं पाएगा।
सांसद ने दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर पंचायत अंतर्गत मिश्री टोला में हुई मधु मिश्रा की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बारात में अश्लील गाने का विरोध करने पर युवती के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसके बाद पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना को भी बेहद गंभीर बताते हुए उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर सजा की बात दोहराई।
इस मौके पर उमा सिंह, जय किशोर सिंह, त्रिलोकी सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में न्याय की मांग की और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की।
Saran News, Manjhi News, Raja Babu Thakur Murder, Janardan Singh Sigriwal, Bihar Crime News, Chapra News

