मदनसाढ़ चाकूबाजी व मधु मिश्रा हत्या मामले में सख्त हुए एसपी, जल्द गिरफ्तारी व कुर्की-जब्ती के निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के मदनसाढ़ गांव में दो युवकों के बीच हुई चाकूबाजी की घटना को लेकर सारण के आरक्षी अधीक्षक ने मौके की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित थाना प्रभारी को त्वरित व निष्पक्ष जांच कर शीघ्र रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, विगत दिनों शीतलपुर पंचायत के मिश्री टोला में बारात के दौरान अश्लील गाने का विरोध करने पर हुई मारपीट के मामले ने भी गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना में घायल हुई मधु मिश्रा की पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद मामला हत्या में परिवर्तित हो गया। इस प्रकरण को लेकर ब्राह्मण चेतना मंच के नेता सुधांशु रंजन ने भी आरक्षी अधीक्षक से मिलकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने भी संज्ञान लेते हुए स्पष्ट कहा है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरक्षी अधीक्षक ने मधु मिश्रा के परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली और थाना प्रभारी को कोर्ट से आदेश प्राप्त कर जल्द से जल्द कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें घटना को लेकर आक्रोश और न्याय की मांग स्पष्ट रूप से देखी गई।
Saran News, Daudpur Stabbing, Madhu Mishra Murder, Bihar Crime News, Police Action, Chapra News

